फोटो25मोहनपुरा के गांव रामपुर में आग लगने से जलता ट्रांसफार्मर। संवाद
- फोटो : 1
मोहनपुरा। गांव रामपुर में मंगलवार रात अचानक विद्युत ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। ट्रांसफार्मर जलने से आधे गांव की बिजली गुल हो गई।
गांव रामपुर के प्राथमिक विद्यालय के पास रखे 100 केवीए के ट्रांसफार्मर में रात करीब 8 बजे आग लग गई। लपटें उठती देख ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। आग की सूचना तत्काल विद्युत उपकेंद्र नगला पीपल को दी गई। सप्लाई बाधित करने के बाद ग्रामीणों की सूझबूझ से आग पर काबू पाया जा सका। साथ ही आपस में चिपके तारों को भी अलग किया गया।
ग्रामीण राजेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने से करीब 100 से अधिक घरों की बिजली रातभर बाधित रही। ग्रामीणों ने तुरंत ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है। ताकि लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके। अवर अभियंता सुरेश चंद्र ने बताया कि ट्रांसफार्मर के बॉक्स में आग लग गई थी, जिसे रात में बुझा दिया गया। अब लाइन सही करा दी गई है। विद्युत आपूर्ति सुचारू करा दी गई है।