कासगंज। सोरोंजी पुलिस ने अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चार बने हुए तमंचे, एक अर्धनिर्मित तमंचा, लोहे की नाल, तीन कारतूस बरामद किए। पुलिस के अनुसार, आरोपी असलहों की बिक्री से पहले ग्राहकों को उनकी गुणवत्ता दिखाने के लिए फायरिंग कर परीक्षण भी करते थे।
सोरोंजी थाना में तैनात उपनिरीक्षक सुमित त्रिपाठी ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि हत्या के प्रयास के मामले में वांछित टेढ़ा नीम निवासी तुषार उर्फ सजल बड़ा बाजार में मौजूद है।
पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी भागकर सौरभ उपाध्याय उर्फ टपका के घर में घुस गया। पुलिस टीम ने पीछा कर घर में दबिश दी तो वहां सौरभ समेत चार अन्य लोग शराब पीते मिले। इनमें वांछित भी शामिल था। तलाशी के दौरान बिस्तर पर 315 बोर का एक अवैध तमंचा मिला।
पुलिस ने मौके से वांछित समेत आरोपी विशाल निवासी धोवियान, कृष्णा उर्फ आदित्य निवासी तकुआवर, सोनू उर्फ कालिया निवासी मढई और सौरभ उपाध्याय उर्फ टपका निवासी बड़ा बाजार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लहरा रोड स्थित एक खंडहर में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए तमंचे और कारतूस बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करते थे और ग्राहकों को असलहों का परीक्षण करके भी दिखाते थे। पुलिस ने पांचों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
एसपी ओपी सिंह ने बताया कि अवैध तमंचा खरीदने-बेचने वाले 4 आरोपियों को सोरोंजी से गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 5 अवैध तमंचे व कारतूस बरामद हुए हैं। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
-
वांछित को गिरफ्तार करके कोर्ट में किया पेश
कासगंज। पुलिस ने मौके से गिरफ्तार वांछित तुषार को न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ हत्या के प्रयास के मामले में सोरोंजी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। उसे गिरफ्तार करके कार्रवाई की जा रही है। संवाद