कासगंज। आसमान से बरसती आग और भीषण लू अब सीधे लोगों की सेहत पर असर डाल रही है। गर्म थपेड़ों के कारण उल्टी, दस्त, तेज बुखार, सांस लेने में तकलीफ और सिर दर्द जैसी गंभीर शिकायतों के साथ मरीज रिकॉर्ड संख्या में जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। स्थिति यह है कि जिला अस्पताल के ओपीडी से लेकर इमरजेंसी वार्ड तक मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंगलवार को लू से पीडि़त 28 मरीजों को उपचार के लिए भर्ती किया गया।
तेज गर्मी और लू के बीच जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा देखा जा रहा है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें कई को भर्ती करने की नौबत आ रही है। मंगलवार को जिला अस्पताल में कुल 1461 मरीजों ने परामर्श लिया। इनमें बुखार के 286, सांस संबंधी दिक्कतों के 230, डायरिया के 69 और ब्लड प्रेशर से जुड़े 235 मरीज शामिल रहे। स्थिति गंभीर होने पर 28 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार लू के कारण शरीर में पानी की कमी और संक्रमण बढ़ने से मरीजों की हालत बिगड़ रही है। इमरजेंसी वार्ड में भी दिन के समय मरीजों की भीड़ बनी रही, जिससे अस्पताल स्टाफ पर अतिरिक्त दबाव देखा गया।
वर्जन:
लू के कारण लगातार मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। दोपहर के समय इमरजेंसी में भी अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। गंभीर स्थिति वाले 28 मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।- डॉ. संजीव सक्सेना, सीएमएस
इन बातों का रखें ध्यान
- पूर्वाह्न 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच जब धूप सबसे तेज हो, तब बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
- प्यास न भी लगे, तो भी लगातार पानी, ओआरएस (ORS) का घोल, नींबू पानी, छाछ या लस्सी पीते रहें।
- घर से हमेशा कुछ खाकर और पर्याप्त पानी पीकर ही निकलें।
- धूप में निकलते समय सूती और ढीले कपड़े पहनें। सिर को टोपी, अंगोछे या छाते से ढककर रखें और आंखों पर धूप का चश्मा जरूर लगाएं।
- इस मौसम में खाना बहुत जल्दी खराब होता है। डायरिया से बचने के लिए ताजा भोजन ही करें और कटे हुए फल या खुले में बिकने वाले जूस से पहरेज करें।
फोटो 20 - जिला अस्पताल में भर्ती लू से प्रभावित होकर मरीज। स्रोत : संवाद