फोटो 29 - सहावर पुलिस के हिरासत में आरोपी। स्रोत : पुलिस मीडिया सेल
सहावर। पुलिस ने चोरी के बकरे और बाइक के साथ मंगलवार को एक आरोपी को मोहनपुर-गढ़का रोड पर बंबे के पास से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज थी। पुलिस उसके दो अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
नगला ढाकन के रहने वाले तेजपाल पुत्र नौबत सिंह ने सोमवार को थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ अपने बकरे की चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बकरा चोरी की घटना में शामिल आरोपी किसी अन्य वारदात की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने मोहनपुर-गढका रोड पर अनमोल इंटर कॉलेज से आगे स्थित बंबे के पास घेराबंदी की। मंगलवार की सुबह पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान तईब निवासी मोहनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया एक बकरा और वारदात में उपयोग बाइक बरामद की। पुलिस की पूछताछ में दो अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें रईस और नसीम निवासी मोहल्ला मुगल शामिल हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि बकरा चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी की तलाश जारी है। संवाद