सहावर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने विकास खण्ड परिसर में सोमवार को भारत-अमेरिका व्यापारिक समझौते के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। यूनियन ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर समझौता रद्द करने की मांग की।
किसान यूनियन टिकैत के मंडल उपाध्यक्ष कादिर उल्लाह ने बताया कि समझौते के तहत अमेरिकी कृषि, बागवानी और पशुधन संबंधी उत्पाद भारतीय बाजारों में सस्ते दामों पर बेचे जाएंगे, जबकि भारतीय फसलों की उत्पादन लागत अधिक है। इससे घरेलू उत्पादकों को नुकसान होगा और भारतीय किसान बर्बाद हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत का किसान देश की रीढ़ है। यदि किसान बर्बाद होते हैं तो देश भी बर्बाद होगा। सरकार को किसानों के हित में शीघ्र फैसला लेना चाहिए। इस अवसर पर किसान नेता किशोरी लाल, तोताराम, राम रईस, जयपाल सिंह, मोहर सिंह, दूरबीन सिंह, गिरीश चंद्र, नासिर, फुलवारी लाल आदि मौजूद रहे।