कासगंज। अमांपुर के एक गांव में रविवार की रात बरात चढ़त को लेकर वर-वधू पक्ष के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद गांव में हंगामा हो गया। वर पक्ष ने दूल्हा व बरातियों को पीटने का आरोप लगाया। विवाद के विवाह संपन्न नहीं हुआ और बरात बिना दुल्हन के लौट गई।
क्षेत्र के एक गांव में जनपद एटा के थाना बागवाला के एक गांव से बरात आई थी। गांव में बरात पहुंचने के बाद दूल्हा व उसके परिजन जनमासा से एक किलोमीटर आगे निकल गए । वधू पक्ष ने बरात के आने के बारे में वर से जानकारी की। बरात आगे निकल जाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। बात बढ़ने पर दोनों के बीच गाली गलौज होने लगी। वर पक्ष का आरोप है लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हा व अन्य रिश्तेदारों के साथ मारपीट कर दी। दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के कारण विवाह संपन्न नहीं हो सका। घटना की सूचना किसी ने फोन कर पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस कर्मियों ने विवाद के बारे में दोनों पक्षों से पूछताछ की गई। वर व वधू पक्ष ने विवाह करने से मना कर दिया। इसके बाद बिना दुल्हन के बरात गांव से लौट गई। कोतवाली प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि एक गांव में जनमासा से बरात आगे निकल जाने को लेकर विवाद हुआ है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाह संपन्न नहीं हुआ है।