फोटो13नदरई गेट क्षेत्र से अतिक्रमण हटवाती यातायात पुलिस । स्रोत: पुलिस मीडिया सेल
कासगंज। शहर में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने पालिका के सहयोग से नो पार्किंग जोन में साइन बोर्ड लगाए थे। इन बोर्ड के आसपास अतिक्रमण बढ़ने से वे वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते थे। मंगलवार को यातायात पुलिस ने इन नो पार्किंग जोन से अतिक्रमण हटवाया।
चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण किया गया या वाहन खड़े किए गए तो कार्रवाई की जाएगी। वाहन चालकों को भी नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा न करने की हिदायत दी गई।
मालगोदाम चौराहे सहित अन्य नो पार्किंग जोन में अतिक्रमण के कारण साइन बोर्ड छिपे रहते थे। ऑटो रिक्शा चालक इन क्षेत्रों में वाहन खड़ा कर सवारियां भरते थे। इस समस्या को ‘अमर उजाला’ ने 14 अप्रैल के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
खबर का शीर्षक “खुद अतिक्रमण से परेशान हैं शहर के नो पार्किंग जोन” था। खबर के प्रकाशन के बाद सीओ यातायात अमित कुमार ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने मंगलवार को यातायात पुलिस को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने मालगोदाम चौराहे पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाए। उन्होंने ऑटो रिक्शा चालकों और रेहड़ी वालों को सख्त चेतावनी दी।
वर्जन
नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर जुर्माने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस जोन में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। यातायात पुलिस को निर्देशित किया गया है कि नो पार्किंग जोन का कड़ाई से पालन कराया जाए। - अमित कुमार, सीओ यातायात