फोटो 40 पटियाली में बुल्डोजर कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस। स्रोत: संवाद
पटियाली। हजरत अमीर खुसरो पुस्तकालय के पास नजूल की करीब 16 बिस्वा सरकारी जमीन पर वर्षों से किए गए अवैध कब्जे को बृहस्पतिवार को तहसील प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करा दिया। करीब दो करोड़ रुपये कीमत की इस सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने के दौरान विरोध करने का प्रयास कर रहे लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी आतीश कुमार सिंह, तहसीलदार राम नयन सिंह, राजस्व टीम और पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सबसे पहले नगर पंचायत कर्मचारियों की मदद से वहां रखा सामान हटवाया गया। इसके बाद दो बुलडोजर की मदद से पक्के व अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
एसडीएम ने बताया कि विशाल कश्यप पुत्र हरिश्चंद्र कश्यप ने 16 बिस्वा सरकारी जमीन पर कब्जा किया हुआ था। जमीन की बाजार में कीमत लगभग दो करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि कब्जा हटाने के लिए पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे लेकिन जब निर्माण नहीं हटाया गया तो प्रशासन ने यह कदम उठाया।
-
कब्जाधारक बोला- पुरखों के समय से जमा कर रहे टैक्स
विशाल ने कार्रवाई का कड़ा विरोध जताया। दावा किया कि जिस भूमि को प्रशासन नजूल की जमीन बता रहा है उस पर उनके परिवार का करीब 50 वर्षों से कब्जा है और वे नियमित रूप से नगर पंचायत में इसका टैक्स भी जमा करते आ रहे हैं। आरोप लगाया कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के प्रशासन ने उनका आशियाना उजाड़ दिया। कार्रवाई के दौरान घर का सारा सामान तहस-नहस हो गया जिससे अब उनके परिवार के सामने रहने और जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
फोटो 40 पटियाली में बुल्डोजर कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस। स्रोत: संवाद