कासगंज। अशोक नगर के निकट सर सैयद कॉलोनी में बिजली आपूर्ति जुगाड़ के सहारे हो रही है। कई वर्षों से इस कॉलोनी में रह रहे सैकड़ों परिवार विद्युत निगम की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे हैं। मूलभूत सुविधाओं से वंचित इन परिवारों को अपने घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए बांस-बल्लियों के सहारे करीब 200 मीटर दूर से केबल खींचना पड़ रहा है।
खुले में लटकते तार और अस्थायी इंतजाम कभी भी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकते हैं, लेकिन विद्युत निगम के अधिकारी इस गंभीर समस्या के समाधान को लेकर उदासीन नजर आ रहे हैं। काॅलोनी में विद्युत निगम ने आज तक बिजली के खंभे स्थापित नहीं किए गए हैं। बिजली के तारों को सुरक्षित रखने के लिए, निवासी अस्थायी रूप से बांस की बल्लियों का सहारा ले रहे हैं।
इन बल्लियों के सहारे तारों को थोड़ी ऊंचाई पर बांधा गया है, ताकि रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों को करंट लगने का खतरा कम हो सके। बारिश के मौसम में या तेज हवा चलने पर स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। कई बार ये केबल टूटकर नीचे गिर चुकी हैं, जिससे किसी भी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। यह स्थिति विशेष रूप से बच्चों और राहगीरों के लिए अत्यंत जोखिम भरी है।
कॉलोनी निवासी कौशर और मुन्ने आदि कई लोगों ने बताया कि वे पिछले 15 सालों से इसी अव्यवस्थित व्यवस्था के भरोसे जी रहे हैं। उन्होंने कई बार विद्युत निगम से नियमित बिजली कनेक्शन और खंभे लगाने की मांग की है। बार-बार की गई शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
-
काॅलोनी में लगाए जाएं खंभे :
-विद्युत निगम ने कई सालों से कॉलोनी में खंभे नहीं लगाए हैं। इससे 200 मीटर दूर से केबल खींच कर लानी पड़ रही है। कॉलोनी में खंभे लगाए जाएं। ताकि लोगों को परेशानी न हो। - डॉ. नसीम
-कॉलाेनी में विद्युत खंभे न लगे होने से काफी परेशानी होती है। बांस के सहारे केबल खींचकर लानी पड़ रही है। तेज आंधी और बारिश में दिक्कतें बढ़ जाती हैं। कॉलोनी में बिजली का खंभा लगवाना चाहिए। - सुमित
- विद्युत निगम अधिकारियों से सर सैयद कॉलोनी में पोल लगवाने के लिए शिकायत की गई है। क्षेत्र में खंभा लगवाकर घरों तक केबल खींची जाएं। ताकि लोगों को समस्या से निजात मिल सके। - वाहिद, सभासद
वर्जन
बिजनेस प्लान के तहत छूटे हुए क्षेत्र में खंभे और केबल बिछाने की तैयारी चल रही है। जुलाई माह में इस क्षेत्र में कर्मियों को भेजकर कार्य किया जाएगा। ताकि लोगों को परेशानी न हो। -अभिषेक रिषी, उपखंड अधिकारी कासगंज