कासगंज। गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के गांव खरगपुर में पुरानी रंजिश में आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला करके बुजुर्ग का सिर फोड़ दिया। वहीं, घर में घुसकर उसके भतीजे को भी पीटा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 7 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गांव खरगपुर निवासी मिठ्ठूलाल पुत्र बाबूराम ने थाने में शिकायत करते हुए बताया कि 11 नवंबर को वह अपनी झोपड़ी में लेटे हुए थे, तभी उनके गांव के ही आरोपी राजकुमार, उदयवीर, महावीर, प्रेम सिंह, विशाल शिवांशू और ओमवीर अपने 15 अज्ञात दोस्तों के साथ वहां पहुंच गए।
आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें खटिया पर ही दबोच लिया और लोहे की रॉड से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया। इसके बाद आरोपी घर की छत पर चढ़ गए और उनके भतीजे अमरीश की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित के शोर मचाने पर परिवार के लोगों ने बमुश्किल उनकी जान बचाई, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
सीओ पटियाली अमित कुमार ने बताया कि वृद्ध ने मारपीट के मामले में तहरीर दी थी। गंजडुंडवारा थाने में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।