फोटो04कीचड़ व जलभराव के बीच से गुजरता साइकिल सवार। संवाद
पटियाली। शासन के संचारी रोग नियंत्रण अभियान के विपरीत पटियाली तहसील की ग्राम पंचायत नरदौली में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव के मुख्य मार्ग से लेकर गलियों तक फैली गंदगी, जलभराव और कीचड़ ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है।
गांव में नादियां कचरे से अटी पड़ी हैं और गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। कई जगहों पर कीचड़ जमा होने से सड़कें तालाब जैसी दिख रही हैं। स्थिति यह है कि कई स्थानों पर ग्रामीणों को स्वयं फावड़े से नादियां साफ करनी पड़ रही हैं। इस स्थिति के कारण मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ा है और कई लोग बुखार व वायरल की चपेट में आ चुके हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में नियमित सफाई, एंटी-लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग नहीं कराई जा रही है। ग्रामीण रमन शर्मा ने बताया कि प्रधान और सचिव से कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। कागजों में सफाई दुरुस्त दिखाई जाती है, जबकि जमीनी हकीकत इसके विपरीत है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी से गांव का स्थलीय निरीक्षण कराने, जलभराव से निजात दिलाने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
-
वर्जन
संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर जल्द ग्राम नरदाैली में सफाई अभियान चलवाया जाएगा। - सुशांत सांवरे, उपजिलाधिकारी