कासगंज। सीएमओ डॉ. राजीव अग्रवाल ने सोमवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हुल्का का सोमवार की दोपहर 1.30 बजे औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई। चिकित्सक एवं फार्मासिस्ट के उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर तो दर्ज मिले, लेकिन दोनों ही कर्मचारी ड्यूटी के समय केंद्र पर मौजूद नहीं मिले। सीएमओ ने स्पष्टीकरण मांगकर एक दिन का वेतन, मानदेय काटने की चेतावनी दी।
सीएमओ के निरीक्षण में पाया गया कि डॉ. मोहम्मद इमरान तथा फार्मासिस्ट रतन दीप सागर के उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर अंकित हैं जबकि वे कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीएमओ ने दोनों कर्मियों को तत्काल स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो दोनों का एक दिन का वेतन, मानदेय काट दिया जाएगा। औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्था और सफाई व्यवस्था की खराब स्थिति पर भी नाराजगी व्यक्त की गई तथा इसमें सुधार करने के निर्देश दिए।