फोटो 38 कासगंज फोटो डीआरएम वीणा सिन्हा। स्रोत: रेलवे
कासगंज। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल यात्रियों एवं रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए सतर्क है। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने रेल यात्रियों, ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों और किसानों से अपील की है कि यात्रा के दौरान धूम्रपान न करें। किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ जैसे गैस सिलिंडर, स्टोव और पटाखे साथ लेकर न चलें।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर संजीव शर्मा के अनुसार, डीआरएम ने रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रैक, झाड़ियों और पटरियों के आसपास सूखी घास, पराली या कूड़ा जलाना बेहद खतरनाक है। चलती ट्रेन से जलती माचिस, बीड़ी या सिगरेट फेंकना भी हादसों को कारण बन सकता है।
ट्रैक के पास आग लगने से सिग्नल की केबल, रिले रूम और दूरसंचार उपकरण जल सकते हैं। इससे ट्रेन संचालन बाधित हो सकता है और गाड़ियां विलंब हो सकती हैं। आग की लपटें ओवरहेड बिजली की तारों तक पहुंचकर बिजली आपूर्ति भी ठप कर सकती हैं। धुएं के कारण दृश्यता कम होने से ट्रेन रोकनी पड़ सकती है।
डीआरएम ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं ट्रैक के पास आग दिखाई दे, तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या नजदीकी स्टेशन को सूचना दें। रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर रेलवे एक्ट की धारा 151 के तहत कार्रवाई कर पांच साल तक की सजा या जुर्माना हो सकता है। उन्होंने लोगों से रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है।