कासगंज। ई-रिक्शा के साथ सड़क घेरकर खड़े चार लोगों ने मंगलवार रात श्री जिला सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश कुमार अग्रवाल के साथ गाली-गलौज कर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने अखिलेश से उनका थैला छीनने की भी कोशिश की। थैले में दुकान की चाबियां और बही-खाते रखे थे। लोगों ने दो हमलावरों कमल सिंह व धर्मेंद्र कुमार निवासी साहब वाला पेच मालगोदाम रोड को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दो भाग निकले। पुलिस ने व्यापारी नेता की तहरीर पर दो नामजद समेत दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अखिलेश कुमार मंगलवार रात नदरई गेट बाजार स्थित अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे। घर के पास स्टेट बैंक वाली गली के मोड़ पर चार लोग रास्ता घेरकर खड़े थे। अखिलेश ने जब रास्ता खाली करने को कहा तो आरोपी भड़क गए। श्री जिला सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष पर हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने दो हमलावरों को दबोच लिया, जबकि दो भाग निकले। हमले में व्यापारी नेता को चोटें आईं और वह जमीन पर गिरकर घायल हो गए। व्यापारी नेता ने बताया कि उनके हाथ में दुकान की चाबियों का थैला था जिसे आरोपियों ने छीनने की कोशिश की। उन्होंने किसी वजनी चीज से उनके सिर पर प्रहार कर दिया।
व्यापारियों ने जताया रोष
जिलाध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल पर हमले की सूचना जैसे ही लोगों को मिली, वैसे ही व्यापारी बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए। सभी व्यापारी कोतवाली पहुंचे और वहां देर रात तक डटे रहे। पुलिस कार्रवाई पूरी होने के बाद ही वे घर लौटे।
पूछताछ में तीसरे आरोपी की भी हुई पहचान
थाना प्रभारी प्रवेश राणा ने बताया कि मौके से पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने मिशन चौराहे के पास रहने वाले अनूप साहू के घटना में शामिल होने की बात कही। फिलहाल, पुलिस चौथे आरोपी की पहचान करने में जुटी है। घटना के समय के वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
वर्जन-
व्यापारी नेता पर हमले के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दो अन्य की तलाश की जा रही है।
- आंचल चौहान, सीओ सदर
व्यापारियों ने लगाया चिकित्सक पर अभद्रता का आरोप
कासगंज। वारदात के बाद पुलिस ने चिकित्सा परीक्षण के लिए अखिलेश कुमार अग्रवाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अशोक नगर भेजा। आरोप है कि पीड़ित व्यापारी के साथ पहुंचे अन्य व्यापारियों को देख चिकित्सक ने अभद्रता कर दी। इससे व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। व्यापारियों ने मामले की शिकायत सीएमओ से की। पीड़ित अखिलेश कुमार ने बताया कि बिजली जाने से मोबाइल की रोशनी में उनका चिकित्सा परीक्षण हुआ। उनका आरोप है कि जब बिजली कटने के बारे में पूछा गया तो चिकित्सक भड़क गए और अभद्रता करने लगे। मामले में सीएमओ डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि शिकायत की जांच दो चिकित्सकों की संयुक्त टीम करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद