फोटो41ढोलना के गांव इखौना में दो पक्षों के बीच होता पथराव । स्रोत: वीडियो ग्रैब
कासगंज। ढोलना क्षेत्र के गांव इखौना में 50 रुपये के लेन-देन को लेकर पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते गाली-गलौज, मारपीट और पथराव तक जा पहुंची। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी मुरारीलाल की प्राथमिकी के मुताबिक, 12 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने घर के पास पहुंचे थे। इस दौरान गांव के रघुवीर पुत्र नत्थू सिंह, सुरेंद्र और अमित समेत अन्य लोग 50 रुपये के लेन-देन को लेकर उनसे विवाद करने लगे और गाली-गलौज की।
शोर-शराबा सुनकर मुरारी की पत्नी इंद्रेश और भाई पिंटू भी मौके पर आ गए जिन्हें देखकर आरोपी तब चले गए। विवाद अगले दिन शुक्रवार सुबह फिर भड़क उठा जब रघुवीर ने पैसे मांगते हुए दोबारा गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई और नौबत पथराव तक आ गई जिसमें मुरारीलाल को चोटें आईं। इस बीच किसी ने पथराव का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही ढोलना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुरारीलाल की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की है।
-
50 रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। - आंचल चौहान, सीओ सदर