फोटो05जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों का उपचार करते सीएमएस डॉ.संजीव सक्सेना। संवाद
कासगंज। बदलते मौसम के बीच वायरल बुखार तेजी से फैल रहा है। वहीं एक डेंगू पीड़ित भी मिला है। डेंगू का मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया। जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को 1648 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें बुखार, पेटदर्द, डायरिया से पीड़ित थे। गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती किया गया।
गांव मुद्दुपुर निवासी कृष्ण (35) बुखार आने पर जिला अस्पताल पहुंचा। रक्त जांच में वह डेंगू पॉजीटिव निकला। डेंगू की पुष्टि के बाद सीएमओ डॉ. अजय कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. श्रीकांत को जानकारी दी गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की कतारें लगने लगीं। 1374 मरीजों का नया पंजीकरण हुआ। जबकि 274 मरीज फाॅलोअप में आए। इनमें सवा तीन सौ बुखार पीड़ित और करीब ढाई सौ सांस रोग से पीड़ित पाए गए। इन मरीजों में करीब ढाई सौ बच्चे भी शामिल रहे। जिला अस्पताल के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी मरीजों की भीड़ रही।
स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी। घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर व अन्य जलपात्रों की नियमित सफाई करने तथा बुखार होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने टीम को गांव में निगरानी बनाए रखने और बुखार से पीड़ित लोगों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मद्दुपुर में डेंगू मरीज मिलने के बाद घर-घर पहुंची स्वास्थ्य टीम
ग्राम मुद्दुपुर निवासी कृष्ण की जिला अस्पताल में जांच के दौरान डेंगू की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी। सीएमओ व जिला मलेरिया अधिकारी और महामारी अधिकारी डॉ. सुनंदा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगाने के साथ घर-घर सर्वे कर मच्छरों के पनपने वाले स्थानों की जांच की। डॉ. पीसी वर्मा की टीम ने स्वास्थ्य कैंप में 40 मरीजों की जांच एवं उपचार किया। इनमें 17 बुखार, 15 सर्दी-खांसी और आठ अन्य बीमारी से पीड़ित मिले। बुखार के मरीजों की मलेरिया जांच भी कराई गई और उनके डेंगू किट से जांच के लिए नमूने लिए गए।
दो घरों में मिला लार्वा
स्वास्थ्य टीम ने गांव के 106 घरों का सर्वे किया। इस दौरान कूलर, फ्रिज, गमले और अन्य बर्तनों की जांच की गई। दो घरों में मच्छरों का लार्वा मिलने पर एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया।