फोटो 29 - तीर्थनगरी सोरोंजी के मेला ग्राउंड में गेस्ट हाउस निर्माण के लिए बीम तैयार करते श्रमिक
सोरोंजी। तीर्थनगरी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत नगर पालिका द्वारा मेला ग्राउंड में बस स्टैंड के सामने महर्षि परशुराम प्रवेश द्वार के अंदर गेस्ट हाउस का निर्माण शुरू करा दिया गया है। 93 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस गेस्ट हाउस में 6 कमरे प्रसाधन गृह सहित, एक हाॅल, बरामदा आदि का निर्माण किया जाएगा।
लंबे समय से तीर्थ नगरी में श्रद्धालुओं को स्तरीय सुविधाओं के गेस्ट हाउस की दरकार थी। नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने इस संबंध में नगर विकास मंत्री से मिलकर उन्हें मांग पत्र सौंपा था तथा कई बार लखनऊ जाकर पैरवी की। बीते वित्त वर्ष में गेस्ट हाउस निर्माण के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत धनराशि स्वीकृत की गई। नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने आज इस गेस्ट हाउस का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराए जाने के निर्देश दिए। इस कार्य को पूरा करने के लिए जून 2027 तक की समय सीमा तय की गई है।