फोटो 51 - पटियाली विकास खंड कार्यालय में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्रा प्रिय
पटियाली। जिलाधिकारी प्रणय सिंह के निर्देश पर विकासखंड अधिकारी संजीव कुमार ने अनूठी पहल करते हुए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पटियाली की कक्षा आठ की छात्रा प्रियांशी मिश्रा को एक घंटे के लिए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बनाया। इस दौरान प्रियांशी ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।
बीडीओ की कुर्सी पर बैठकर प्रियांशी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही योजनाओं का संचालन सुचारु रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बीडीओ संजीव कुमार ने प्रियांशी की सराहना करते हुए कहा कि वह बेहद होनहार, प्रतिभाशाली और सूझबूझ वाली छात्रा है। बैठक में ग्राम पंचायत अधिकारी अनिल कुमार, अरविंद सिंह, योगेंद्र सिंह, अनीता पटेल तथा ग्राम विकास अधिकारी दलवीर सिंह, राजेश कुमार, राहुल चौधरी और शुभम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।