कासगंज। जनगणना-2027 का जिले में चल रहा मकान गणना का काम अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। 22 मई से शुरू हुए इस महाअभियान के तहत अब तक जिले के 98.60 प्रतिशत मकानों की गणना पूरी की जा चुकी है, जिसमें अब तक 18 लाख से अधिक की आबादी दर्ज की गई है। जिला जनगणना अधिकारी ने बचे हुए कार्य को शत-प्रतिशत पूरा करने और उसका क्रॉस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में मकान गणना के कार्य के लिए कुल 2,649 प्रगणकों की तैनाती की गई थी। इनमें से लगभग 2,611 प्रगणकों ने 11 जून तक जिले के 3,18,654 मकानों की गणना का कार्य पूरा कर लिया है। अब तक के आंकड़ों के अनुसार, इन मकानों में कुल 18,27,452 लोगों की जनसंख्या निवास कर रही है। मकान गणना की अंतिम तिथि 20 जून तक है, लेकिन जिले में यह कार्य पहले ही पूरा होने की उम्मीद है।
जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम दिग्विजय प्रताप सिंह ने निर्देश दिए कि सभी चार्ज अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की विशेष टीम बनाएं। प्रगणकों द्वारा अब तक किए गए पूरे कार्य का ग्राउंड पर जाकर क्रॉस सत्यापन कराया जाए और इसकी विस्तृत आख्या तत्काल कार्यालय को प्रस्तुत की जाए।