कासगंज। सहावर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने, घटना का वीडियो बनाने और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मेंदर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, 12 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे युवती तबीयत खराब होने पर शौच के लिए खेत की ओर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही अनुराग उर्फ छुट्टा, अमन, आदित्य और बगोना गांव निवासी शिवम समेत अन्य लोगों ने उसे जबरन दबोच लिया। इसके बाद अनुराग और शिवम ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, जबकि अमन और आदित्य ने इस घिनौनी करतूत का वीडियो बना लिया। युवती की चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके की तरफ दौड़े, तो आरोपी वहां से भाग निकले।
पीड़िता ने बताया कि उसके माता-पिता सिकंदराबाद में मजदूरी करते हैं। घटना की जानकारी मिलने पर जब परिजनों ने आरोपियों के घर फोन किया, तो आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके अलावा विवेक पचौरी और राजवीर नाम के दो अन्य लोग भी लगातार फोन कर और घर पहुंचकर पीड़ित परिवार को धमका रहे हैं। सहावर के सीओ दुर्गेश कुमार मिश्रा ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। संवाद