फोटो08सहावर के गांव अमीरसा में मवेशी चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस।संवाद
सहावर। थाना क्षेत्र के गांव अमीरसा में मंगलवार देर रात घर के बाहर बंधी भैंस चोरी कर ले जा रहे बदमाशों ने विरोध करने पर पशुपालक की पिटाई की और भैंस को गाड़ी में लादकर भाग गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पीड़ित व्यक्ति की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव अमीरसा निवासी मुकेश कुमार ने अपने घर के बाहर दो भैंसें बांध रखी थीं। उनका आरोप है कि देर रात बदमाश आए और उनकी एक भैंस को खोलकर मैक्स पिकअप में लाद लिया। आहट होने पर उनकी नींद खुल गई। उसने बाहर निकलकर उन्हें रोकने का प्रयास किया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी भैंस लेकर भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आसपास के क्षेत्रों में बदमाशों और चोरी गई भैंस की काफी तलाश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची और लोगों से मामले की जानकारी की। सहावर सीओ दुर्गेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।