कासगंज। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सूर्य प्रताप सिंह ने अलग-अलग मामलों में दोषी पाए जाने पर तीन शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से रिपोर्ट भेजने के कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से विभाग में खलबली मच गई।
खंड शिक्षा अधिकारी गंजडुंडवारा ने बीएसए को भेजी जांच रिपोर्ट में बताया कि प्राथमिक विद्यालय अजीत नगर के शिक्षक विजय कुमार यादव लंबे समय से बिना किसी पूर्व सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित चल रहे थे।
उन पर एक युवती को अगवा कर ले जाने और मंदिर में शादी करने जैसे आरोप भी लगे थे, जिससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश था। विभागीय छवि धूमिल करने और लापरवाही बरतने के कारण उन्हें निलंबित कर प्राथमिक विद्यालय अहरौली से संबद्ध कर दिया गया।
कंपोजिट विद्यालय चिरौला के सहायक अध्यापक इमरान अख्तर पर उपस्थिति पंजिका में हेरफेर करने का आरोप है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उन्होंने स्कूल पहुंचने से पहले ही अग्रिम हाजिरी लगा दी थी। इसके अलावा विद्यालय परिसर में हो रहे नए भवन के निर्माण की सूचना विभाग को न देने और कार्यों में लापरवाही बरतने पर उन्हें निलंबित कर प्राथमिक विद्यालय बिरसुआ से संबद्ध किया गया है।
इसी विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रामा सिंह को भी अनुशासनहीनता का दोषी पाया गया। निरीक्षण के दौरान अन्य स्टाफ की अनुपस्थिति और विद्यालय प्रबंधन में शिथिलता बरतने पर उन्हें भी निलंबित कर दिया गया है। उन्हें कंपोजिट विद्यालय सेवर से संबद्ध किया गया है।