फोटो32सहावर में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते किसान यूनियन नेता। संवाद
- फोटो : 1
सहावर। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने क्षेत्र में डीएपी और यूरिया खाद की किल्लत और ऊंचे दामों पर हो रही कालाबाजारी को लेकर आक्रोश जताया। कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को तहसील पहुंचकर एसडीएम एसएन त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा। किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में खाद की अवैध आपूर्ति की जा रही है। किसानों को मजबूरन डीएपी खाद के लिए 1400 रुपये (निर्धारित दर से अधिक) और यूरिया के लिए ऊंचे दाम चुकाने पड़ रहे हैं। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में डीएपी की कमी तत्काल दूर नहीं की गई और खाद बिक्री में पारदर्शिता नहीं बरती गई तो किसान चुप नहीं बैठेंगे।
यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में भी कई समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन उसका समाधान नहीं हुआ है। यदि खाद की कालाबाजारी नहीं रुकी तो यूनियन तहसील परिसर में ही धरना-प्रदर्शन और अनशन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस दौरान मंडल उपाध्यक्ष कादिरउल्ला, सुभाष चंद्र, बालकिशन, तोताराम, अंकुर दास, नाथूराम सहित दर्जनों किसान व कार्यकर्ता मौजूद रहे।