कासगंज। रोडवेज बस स्टैंड पर जगह की कमी के कारण सड़क पर बसें खड़ी होने और लगने वाले जाम की समस्या से निपटने के लिए परिवहन विभाग ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है।
आगामी त्योहारों के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह और प्रभारी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) नीरज कुमार ने बस स्टैंड का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जांच में सामने आया कि चालक-परिचालक जल्दी नंबर लगाने के चक्कर में वर्कशॉप से बस सीधे बस स्टैंड ले आते हैं। इससे परिसर में जगह कम पड़ने पर बसें सड़क किनारे खड़ी करनी पड़ती हैं, जिससे गंभीर जाम की स्थिति बनती है।
इस समस्या से निजात पाने के लिए अधिकारियों ने नई प्रक्रिया तय की है। अब वर्कशॉप से बस की पर्ची तभी काटी जाएगी। इसके बाद चालक-परिचालकों की ड्यूटी निर्धारित होगी और बस को आधिकारिक रूप से मार्ग पर भेजना होगा। कोई भी कर्मी मनमाने ढंग से बस लेकर सीधे स्टैंड नहीं पहुंच सकेगा।
वर्जन :
व्यवस्था सुधारने के लिए अब वर्कशॉप से बस की पर्ची तभी काटी जाएगी, जब उसे मार्ग पर संचालन के लिए भेजना होगा। ड्यूटी निर्धारित होने के बाद ही बस वर्कशॉप से निकलेगी। - नीरज कुमार, प्रभारी एआरएम
आगामी त्योहारों को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना जरूरी है। रोडवेज अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर बसों के संचालन को व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया है। - लक्ष्मण सिंह, यातायात प्रभारी