कासगंज। जिला जज रामेश्वर की अदालत ने नकली नोट के साथ पकड़े गए आरोपी की तीसरी जमानत अर्जी खारिज कर दी। उप निरीक्षक सुमित त्रिपाठी की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, सोरोंजी थाना पुलिस 3 सितंबर की रात मेला ग्राउंड एंट्री पॉइंट के पास चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान सूचना पर पुलिस ने मौके से राजू और गोविंद निवासी गांव भगवंतपुर को पकड़ा था। तलाशी लेने पर दोनों के पास से 500-500 रुपये के 100-100 नकली नोट बरामद हुए थे। दोनों आरोपी एक लाख रुपये की जाली नोट सोरोंजी के मेले में खपाने से लाए थे।
मामले में आरोपी गोविंद की ओर से जिला जज रामेश्वर की अदालत में तीसरी जमानत याचिका दाखिल की गई थी। इसमें उसने खुद को निर्दोष बताया। नकली नोट की बरामदगी और पुलिस के आरोपों को झूठा करार दिया। कोर्ट से मामले में जमानत देने की मांग की।
वहीं, जिला शासकीय अधिवक्ता दाण्डिक ने जमानत का विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और पत्रावली का अवलोकन करने के बाद जिला जज ने आरोपी का जमानत प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया। संवाद