फोटो49कासगंज पुलिस की हिरासत में चोरी का आरोपी। स्रोत:पुलिस मीडिया सेल
कासगंज। बिलराम गेट स्थित साड़ी शोरूम से 80 लाख रुपये के गहने चोरी करने वाले एक और आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जेल में बंद दूसरे आरोपी को रिमांड पर लेकर चोरी हुए जेवर बरामद किए हैं। आरोपी ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर उसके दादा के शोरूम में चोरी की थी।
सदर कोतवाली क्षेत्र में दुर्गा कॉलोनी गली नंबर पांच निवासी यशपाल सिंह ने 19 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि घर में डेंटिंग-पेंटिंग का काम चल रहा था। इस कारण उन्होंने अपनी बहुओं के सोने और चांदी के जेवर एक ट्रॉली बैग में रखे थे। ये जेवर बिलराम गेट स्थित कोका साड़ी शोरूम के दीवान बेड में सुरक्षित रखे थे।
इनमें चार हार, चार चूड़ियां, झुमकी, कुंडल, जंजीर, 16 अंगूठियां और चांदी के कड़े व पायजेब शामिल थे। इन जेवरों की कुल कीमत करीब 80 लाख रुपये थी। 11 फरवरी को पुत्रवधू सपना ने जेवर मांगे तो दीवान बेड खोला गया। तब जेवर से भरा बैग गायब मिला।
पुलिस ने अब एक और आरोपी हिमांशु वर्मा को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। जेल में बंद आरोपी रौनक को रिमांड पर लेकर दोनों से पूछताछ की गई। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवर बरामद हुए। चोरी के जेवर बेचकर खरीदी गई बाइक भी बरामद कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि चोरी के मामले में वांछित एक और आरोपी गिरफ्तार हुआ है।
नाती के पास बाइक देखकर हुआ शक
यशपाल सिंह को अपने नाती केशव सिंह के पास नई बाइक देखकर शक हुआ। पूछताछ में केशव ने संतोषजनक जवाब नहीं दिए। बाद में पता चला कि केशव ने 22 दिसंबर 2025 की रात को चोरी की थी। उसने घर से शोरूम की चाबी लेकर अपने दोस्त रौनक शर्मा उर्फ गुल्लू, आदित्य और हिमांशु वर्मा के साथ मिलकर जेवर चुराए थे। पुलिस ने रौनक शर्मा उर्फ गुल्लू और केशव को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उन्हें जेल भेज दिया गया था।