कासगंज। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रुद्राक्ष सभागार में बृहस्पतिवार को आबकारी विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए शराब की दुकानों के व्यवस्थापन हेतु ई-लॉटरी के दूसरे चरण का आयोजन किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर आवेदकों की मौजूदगी में डिजिटल माध्यम से प्रक्रिया कराई गई।चयन प्रणाली को पूरी तरह निष्पक्ष और स्पष्ट रखा गया।
दूसरे चरण में कुल 14 दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इनमें से 11 दुकानों पर 421 आवेदकों ने जबकि कुल 568 आवेदन जमा किए गए। जांच के दौरान एक आवेदन निरस्त हुआ। इसके बाद शेष 567 वैध आवेदनों को ई-लॉटरी में शामिल किया गया।
एडीएम दिग्विजय प्रताप सिंह, एएसपी सुशील कुमार और सहायक आबकारी आयुक्त अलीगढ़ प्रभार की समिति ने प्रक्रिया की निगरानी की। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी की टीम ने ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के जरिए आवंटन प्रक्रिया पूरी की।
ई-लॉटरी प्रक्रिया से एक कंपोजिट शॉप और 10 देशी मदिरा दुकानों का आवंटन हुआ। इसमें शासन की मंशा के अनुरूप नवसृजित दुकानें भी शामिल थीं। डिजिटल प्रक्रिया के कारण आवेदकों को मौके पर ही परिणामों की जानकारी मिल गई। इससे पूरी प्रणाली के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा। इस दाैरान जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार, आबकारी निरीक्षक संजीव कुमार और आवेदक मौजूद रहे।