केंद्र और प्रदेश सरकार पर बरसे
उन्होंने किसानों से सवाल करते हुए पूछा कि किसानों की आय दोगुनी हुई क्या, खाद मिली या नहीं, पैदावार की कीमत मिली या नहीं। उन्होंने तीन काले कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों को बर्बाद करने के लिए तीन कानून लाए गए। किसानों के आंदोलन को समाप्त करने के लिए सड़क पर कीलें लगा दी गईं। ट्रैक्टरों को डीजल नहीं दिया गया। लगातार किसानों को आंदोलन से पीछे हटने के लिए मजबूर किया, लेकिन किसान लगातार विरोध करते रहे और उन्होंने सरकार को पीछे हटने को मजबूर कर दिया।
अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार आई तो यूपी में कभी भी ऐसे काले कानून लागू नहीं होंगे। उन्होंने निराश्रित गोवंशों की समस्या के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि वह गऊ सेवा के लिए नई योजना लाएंगे। जिससे किसानों की खेती बर्बाद नहीं होगी और गऊ सेवा भी होगी। सपा की सरकार आने पर उन्होंने नौकरी, रोजगार का भरोसा दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने महंगाई को लेकर भी भाजपा सरकार पर तंज कसे। बिजली की 300 यूनिट मुफ्त देने और सिंचाई के लिए बिजली फ्री करने की बात कही। कोरोना काल में सरकार के फेल्योर पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। उन्होंने जिले की कासगंज विधानसभा सीट से प्रत्याशी मानपाल सिंह, अमांपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी सत्यभान शाक्य एवं पटियाली विधानसभा सीट से नादिरा सुल्तान को जिताने की अपील की।