संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। शिक्षा विभाग ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है। प्रत्येक केंद्र पर एक आंतरिक केंद्र व्यवस्थापक के अलावा बाह्य केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा की निगरानी करेंगे। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए प्रधानाचार्यों से शिक्षकों का विवरण मांगा गया है।
जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए 64 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन पर हाईस्कूल में 21,717 तथा इंटर में 18,645 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे।
नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी हैं। परीक्षा के दौरान केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती के लिए विद्यालयों से शिक्षकों का डाटा मांगा गया है। इसमें शिक्षकों का नाम, पदनाम, विषय, आधार नंबर, मोबाइल नंबर आदि की जानकारी मांगी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला ने बताया कि परीक्षा के लिए विद्यालयों को शिक्षकों का डाटा हार्ड कांपी में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।