कासगंज। सोरोंजी के गांव भाऊपुर में सितंबर माह में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसके कब्जे से चोरी किए गए जेवर और घटना में प्रयुक्त लोहे का फर्सा बरामद हुआ है।
विज्ञापन
गांव भाऊपुर निवासी संजू पुत्र मोहनलाल ने थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया था कि 24 सितंबर 2026 की रात करीब 2:00 बजे चोर उनके घर में घुस आए और बक्से का ताला तोड़कर 30,000 रुपये व पुश्तैनी जेवर चुरा ले गए। इसके अलावा पास ही स्थित राकेश की झोपड़ी से एक मोबाइल भी चोरी कर दिया गया था।
मामले में पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने खुलासे के लिए विशेष टीमें गठित की थीं। सोरोंजी पुलिस ने सूचना पर रविवार को आरोपी रज्जो उर्फ राजेश निवासी पैसोई को सलेमपुर बीबी से उकुर्री जाने वाले रास्ते से दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक जोड़ी पायल, एक कमर करधनी और लोहे का फर्सा भी बरामद किया है।
विज्ञापन
सीओ सदर आंचल चौहान ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।