पटियाली। कोतवाली क्षेत्र के बरईपुर गांव में मंगलवार दोपहर रोटी बनाने की तैयारी कर रही महिला को सांप ने डस लिया। परिजन उसे उपचार के लिए एक निजी वैद्य के यहां लेकर पहुंचे, जहां हालत बिगड़ने के बाद वह स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर में रोटी बनाने के लिए आटा गूंथ रही महिला को सांप ने डस लिया। सांप शीला पत्नी रज्जन मिश्रा के दाहिने पैर के पंजे से लिपट गया और डस लिया। महिला ने साहस दिखाते हुए सांप को पैर से अलग कर दूर फेंक दिया और घटना की जानकारी परिजन को दी। परिजन पहले महिला को स्थानीय वैद्य के यहां ले गए, जहां हालत बिगड़ने पर उसे फिर प्राथमिकी स्वास्थ्य केेंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत नाजुक बताते हुए जिला अस्पताल रेफर किया है।
झाड़-फूंक के चक्कर में नहीं पड़ें
चिकित्साधीक्षक डॉ. शिवाश्री तिवारी ने कहा कि सर्पदंश पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें और नजदीकी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय सहायता लें। उन्होंने बताया कि सांप काटने पर मरीज को शांत रखें, अधिक हिलने-डुलने से बचाएं, काटे गए अंग को स्थिर रखते हुए उसे हृदय के स्तर से नीचे रखें। घाव को साफ पानी से धोया जा सकता है, लेकिन घाव को काटना, चूसना, कसकर पट्टी या टूर्निकेट बांधना, शराब या अन्य घरेलू उपाय देना खतरनाक हो सकता है।