फोटो-29 कासगंज में पोस्टमार्टम गृह पर बैठे मृतक किशोरी कल्पना के परिजन । संवाद
गंजडुंडवारा। कोतवाली क्षेत्र के नगला लक्ष्मण गांव में शुक्रवार सुबह एक 16 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध हालात में फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका का शव कमरे में पंखे पर साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका कल्पना (16) पुत्री फूलसिंह के भाई योगेश ने बताया कि उसके बड़े भाई प्रदीप का बरेली के एक अस्पताल में ऑपरेशन हुआ है, जिसके कारण पिता पिछले चार दिनों से बरेली में ही थे। शुक्रवार की सुबह मां शीला देवी और योगेश खेत में धान की फसल में पानी लगाने गए थे।
घर पर कल्पना अकेली थी और वह खेत पर ले जाने के लिए खाना बना रही थी। जब काफी देर तक कल्पना खाना लेकर खेत पर नहीं पहुंची, तो योगेश उसे देखने घर लौटा। कमरे में बहन का शव पंखे से लटका देख उसकी चीख निकल गई।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मृतका की मां और ग्रामीणों से पूछताछ की है। पटियाली के सीओ अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह साफ हो पाएगी।
फोटो-29 कासगंज में पोस्टमार्टम गृह पर बैठे मृतक किशोरी कल्पना के परिजन । संवाद