कासगंज। धनतेरस पर बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ से पहले खरीदारों के लिए बृहस्पतिवार को खरीदारी का एक और बेहद शुभ योग बन रहा है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र को स्थायी सुख-समृद्धि और दीर्घकालिक लाभ का प्रतीक माना जाता है।
इस नक्षत्र में सोना-चांदी, आभूषण, वाहन, जमीन, मकान, फर्नीचर और अन्य टिकाऊ वस्तुओं की खरीदारी करना अत्यंत फलदायी माना गया है।ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, उत्तराफाल्गुनी 27 नक्षत्रों में 12वां नक्षत्र है। इसके स्वामी सूर्य (तेज, प्रतिष्ठा और आत्मविश्वास के प्रतीक) और अधिष्ठाता देवता अर्यमा (मित्रता, सहयोग और स्थायी संबंधों के देवता) हैं।
इसी कारण इस नक्षत्र को लंबे समय तक लाभ देने वाली और स्थायी वस्तुओं की खरीदारी के लिए सबसे अनुकूल माना जाता है। इसके अलावा, नया व्यापार या कार्य शुरू करने के लिए भी यह समय उत्तम है।
हालांकि, ज्योतिषाचार्य मानते हैं कि बड़ी खरीदारी करते समय नक्षत्र के साथ-साथ तिथि, वार, लग्न और राहुकाल जैसे पंचांगीय पहलुओं का विचार अवश्य करना चाहिए।
उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र का समय
प्रारंभ: 5 नवंबर, सुबह 3:30 बजे
समापन: 6 नवंबर, सुबह लगभग 3:55 बजे
उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र का सीधा संबंध स्थायित्व, सहयोग और समृद्धि से है। धनतेरस से पहले खरीदारी की योजना बना रहे लोग इस नक्षत्र का पूरा लाभ उठा सकते हैं और अपने जीवन में स्थायी सुख-समृद्धि का स्वागत कर सकते हैं। - भरतराम गौड़, ज्योतिषाचार्य