कासगंज/सोरोंजी। तीर्थनगरी के रोडवेज बस स्टैंड पर व्याप्त अव्यवस्थाओं के कारण दूर-दूर से आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। 18 दिसंबर से शुरू होने वाले मार्गशीर्ष मेले से ठीक पहले बस स्टैंड की इन बदहाल व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग उठ रही है।
बस स्टैंड परिसर में न तो पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था है और न ही पेयजल की कोई सुविधा उपलब्ध है। यहां का प्रसाधन गृह जर्जर हालत में है और जगह-जगह टूटा फर्श तथा बदहाल सफाई व्यवस्था आगंतुकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।
तीर्थनगरी में प्रतिदिन विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं जिनमें राजस्थान रोडवेज की बसों से आने वाले यात्रियों की संख्या काफी होती है। यहां उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों का संचालन लगभग न के बराबर है। पर्याप्त बसें न मिलने के कारण यात्रियों को मजबूरन निजी डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।
क्या बोले लोग
तीर्थनगरी में रोजाना विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु आते हैं लेकिन बस स्टैंड पर प्रकाश, पेयजल और प्रसाधन गृह जैसी जरूरी सुविधाएं नहीं हैं। बसें नहीं मिलने से यात्रियों को मजबूरी में डग्गामार निजी वाहनों से सफर करना पड़ता है। - गिरधारी लाल भारद्वाज, तीर्थपुरोहित
तीर्थनगरी का वार्षिक अमृत कुंभ मेला मार्गशीर्ष शुरू होने में अब करीब 50 दिन शेष हैं। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने के मद्देनजर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम को बस स्टैंड से नियमित बसों का संचालन सुनिश्चित करना चाहिए। - मानसिंह कुशवाहा, व्यापारी
वर्जन :
सोरोंजी बस स्टैंड के कायाकल्प का प्रस्ताव पूर्व में भेजा गया था लेकिन अभी तक यह प्रस्ताव शासन स्तर पर पड़ा है। अब फिर से प्रस्ताव तैयार कर अलीगढ़ मुख्यालय भेजा जाएगा। - नीरज कुमार, प्रभारी एआरएम
फोटो 27 - सोरोंजी का रोडवेज बस स्टैंड। स्रोत : संवाद
फोटो 27 - सोरोंजी का रोडवेज बस स्टैंड। स्रोत : संवाद