फोटो08ढोलना के गांव जखेरा में युवक की मौत के बारे में जानकारी करती पुलिस । स्रोत:पुलिस मीडि
ढोलना। कोतवाली क्षेत्र के गांव जखेरा में बुधवार सुबह एक 30 वर्षीय व्यक्ति ने अपने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। युवक अपनी पत्नी और छोटे बेटे के अचानक घर छोड़कर चले जाने के बाद से गहरे मानसिक तनाव में था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जखेरा निवासी अरविंद (30) पुत्र श्यामलाल कश्यप पेशे से मजदूर था। बुधवार सुबह करीब 9 बजे उसका शव कमरे में कुंदे से लटका मिला। उसकी मां अनारकली ने जब अरविंद को इस हालत में देखा तो उनकी चीख निकल गई।
शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना पर माैके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र पुलिस बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया।
मृतक की मां अनारकली ने बताया कि अरविंद की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व डालीगंज, जिला लखनऊ निवासी रंजना (28) से हुई थी। उनके दो बच्चे उर्वेश (ढाई वर्ष) और मयंक (1) हैं।
उन्होंने बताया कि होली के आठ दिन बाद रंजना दवा लेने के बहाने छोटे बेटे मयंक को साथ लेकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। पत्नी और बच्चे के इस तरह चले जाने से अरविंद बेहद परेशान और गुमसुम रहने लगा था।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजन और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।