कासगंज। इस साल हज यात्रा में जिले के कुल 63 यात्री शामिल होंगे। इन सभी के प्रशिक्षण और आवश्यक टीकाकरण का कार्यक्रम 16 फरवरी को सुबह 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम राॅयल पैलेस ठंडी सड़क चामुंडा माता मंदिर के निकट आयोजित किया जाएगा। नोडल अधिकारी डॉ. मोहम्मद लायक अली ने बताया कि हज यात्रियों को इस प्रशिक्षण में यात्रा की सभी औपचारिकताओं, स्वास्थ्य सुरक्षा और हज की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे समय पर कार्यक्रम में उपस्थित हों और सभी आवश्यक दस्तावेज, पहचान पत्र और स्वास्थ्य संबंधी प्रमाणपत्र साथ लेकर आएं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण में शामिल होना हज यात्रा की तैयारी का अहम हिस्सा है और इससे यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने में मदद मिलेगी। यह प्रशिक्षण हज यात्रियों को मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसके साथ ही यात्रियों का टीकाकरण भी किया जाएगा ताकि वे सुरक्षित और सुचारू यात्रा कर सकें।