कासगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वालों को अब प्राथमिक इलाज के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।
शासन ने ग्रामीण इलाकों में 38 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने की मंजूरी दी है। इससे मरीजों को ब्लॉक स्तर या फिर इलाज के लिए जिला अस्पताल तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। फिलहाल किराए के भवनों में इनका संचालन होगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही थी। कई गांवों से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र की दूरी अधिक होने के कारण मरीजों को इलाज के लिए ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल जाना पड़ता है।
इससे समय के साथ-साथ आर्थिक बोझ भी ग्रामीणों पर पड़ता है। जिले में कुल 615 राजस्व गांव हैं। ग्रामीणों की सुविधा के लिए जिले में 164 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं।
इस सेवा में विस्तार करते हुए शासन ने 38 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने का निर्णय लिया है। आरोग्य मंदिरों में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ), एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इससे खासतौर पर ग्रामीण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को समय पर इलाज मिल सकेगा।