कासगंज। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत सोमवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने सोरोंजी मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन ओवरलोड ट्रक को सीज कर 1.28 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। वहीं, वाहन चालकों को यातायात जागरूकता संबंधी जानकारी दी गई।
एआरटीओ आरपी मिश्र ने सोमवार को सोरोंजी मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने गोराहा, बाइपास, सोरोंजी तिराहा सहित अन्य स्थानों पर वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान तीन ट्रकाें में क्षमता से अधिक माल लदा होने पर उन्हें सीज किया। इसके साथ लोडर वाहन में सवारी बैठाकर ले जाने पर उनका चालान किया। वहीं बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, अनाधिकृत पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन कर प्रयोग कर रहे 38 वाहनों के चालान किए। एआरटीओ आरपी मिश्र ने बताया कि वाहन चलाते समय नशे का सेवन न करें। ओवर स्पीड में वाहन न चलाएं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें। कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। लोडर वाहन और ट्रैक्टर -ट्राली में सफर न करें। नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें। पकड़े जाने पर उनके अभिभावक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ उनका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सीज किए गए वाहनों पर 1.28 लाख रुपये जुर्माना लगाया है।