कासगंज के सोरोंजी मार्ग पर बुधवार की सुबह ट्रक ने कांवड़ियों से भरी जुगाड़ वाहन में टक्कर मार दी। हादसे में 17 कांवड़िये घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। ये सभी कांवड़िये राजस्थान के भरतपुर से गंगाजल लेने के लिए कछला गंगा घाट जा रहे थे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल कांवड़ियों की हालत के बारे में जानकारी ली।
राजस्थान के जनपद भरतपुर थाना वैर के गांव नावर से 22 कांवड़िये जुगाड़ में सवार होकर बुधवार की सुबह करीब 5 बजे गंगाजल लेने के लिए कछला गंगाघाट जा रहे थे। सोरोंजी मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के समीप कासगंज की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक ने जुगाड़ वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद जुगाड़ पेड़ को तोड़ती हुई दूसरे पेड़ से जा टकराई। हादसे में 17 कांवड़िये घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मदद के लिए घायलों की चीख-पुकार मचने लगी। राहगीर और आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
इस दौरान किसी ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सोरोंजी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायल कांवड़ियों के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। हादसे में घायल हुए कांवड़ियों की सूचना मिलने पर सीएमएस डॉ. संजीव सक्सेना ने स्वास्थ्यकर्मियों को अलर्ट कर दिया। सदर एसडीएम संजीव कुमार, सीओ आंचल चौहान ने घायल कांवड़ियों के बारे में जानकारी ली।
वहीं, हादसे की जानकारी पाकर जिलाधिकारी प्रणय सिंह और एसपी अंकिता शर्मा ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल कांवड़ियों का हाल जाना और घटना के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। डॉक्टर ने गंभीर रूप से घायल चार कांवड़िये नत्था (38), भूरिया राम (80) राम अवतार (22) और श्यामवीर (27) को आगरा रेफर कर दिया। अन्य कांवड़ियों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
सड़क हादसे में घायल कांवड़िये
हादसे में घायल हुए कांवड़ियों में माथा (38) पुत्र झानलाल, अनिल (19) पुत्र विजय,भूरिया (80) पुत्र जयराम,शुभम (24) पुत्र विजय, लोकेश (18) पुत्र जीतेश, विष्णु (20) पुत्र घनश्याम,राम किशन (19) पुत्र सुख्खा, बिट्टू (17) पुत्र महेंद्र,मुनेश (20) पुत्र रामकिशन,जोगेंद्र (24) पुत्र प्रेमसुख,गौरव (8) पुत्र विष्णु, मोहित (16) पुत्र बंटी, केहरी (36) पुत्र मंगल,उत्तम (19) पुत्र लख्खी, निवासी गांव नावर थाना जनपद भरतपुर राजस्थान, रामा अवतार (22) पुत्र दौलती, श्यामवीर (27) पुत्र प्रेम सिंह ,कपिल (16) पुत्र मुकेश निवासी गांव गूजर खेली थाना हलैना जनपद भरतपुर राजस्थान प्रमुख हैं।