कासगंज। अलीगढ़ मार्ग पर रोडवेज बस की क्वालिस कार से टक्कर हो गई। इससे गंगा स्नान को सोरों आ रहे क्वालिस में सवार भरतपुर के आठ श्रद्धालु घायल हो गए। जबकि रोडवेज में सवार तीन यात्री घायल हो गए और कई को थोड़ी बहुत चोट आईं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसा सुबह लगभग 3:30 बजे मोहनपुरा के नजदीक हुआ। जगदीश पुत्र लक्ष्मन, कुलदीप पुत्र हरिमान, कन्हैया पुत्र चंदीराम, रेखा पत्नी कुलदीप, निर्मला पत्नी रवि, रुचि (4) पुत्री रबी, प्रकाश पत्नी हरीराम, दीक्षा (7 माह) पुत्री कुलदीप, निवासी थून जनपद भरतपुर क्वालिस कार में सवार होकर सोरों गंगा स्नान करने जा रहे थे। मोहनपुरा के नजदीक गजियाबाद से आ रही रोडवेज बस से उनकी कार की टक्कर हो गई। बस यात्रियों ने उतरकर क्वालिस में सवार घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस घटना में कार सवार के अतिरिक्त बस में सवार सद्दीक पुत्र नेकसे, शबना पत्नी सद्दीक और अरमान पुत्र सद्दीक निवासी थाना गांव पटियाली भी घायल हो गए। बस में सवार छह से अधिक अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं। घायलों में कुलदीप, कन्हैया, रुचि और दीक्षा को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक घटना की प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।
--------