एपीएल कार्ड धारकों के गेंहू पर संकट के बादल
-एपीएल का अतिरिक्त आवंटन भी छिना
- जून में नहीं किया जाएगा उठान
-बीपीएल, अंतोदय एवं अतिरिक्त बीपीएल श्रेणी को ही मिलेगा राशन
अमर उजाला ब्यूरो
कासगंज। एपीएल कार्ड धारकों को राशन कार्ड पर मिलने वाले गेहूं पर संकट के बादल मंडरा रहे है। मई माह मे अतिरिक्त आवंटन के तहत दिया गया गेहूं व चावल भी छीन लिया गया है। अब उन्हें जून माह में राशन का एक दाना भी नहीं मिलेगा।
शासन से मिलने वाले राशन के तहत एपीएल, बीपीएल, एवं अंतोदय कार्ड धारकों को अलग अलग आवंटन के आधार पर राशन देने की व्यवस्था निर्धारित कर रखी है। अप्रैल माह में तो सभी कार्ड धारकों को राशन दिया गया। एपीएल कार्ड धारकों को शासन से आवंटित कोटे के अलावा अतिरिक्त कोटा भी निर्धारित कर रखा था। मई माह में निर्धारित कोटे का गेहूं कार्ड धारकों को नहीं दिया गया। जबकि अतिरिक्त कोटा के तहत 5 किलो गेहूं व तीन किलो चावल कार्ड पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। विभाग ने जून माह से इस व्यवस्था को भी समाप्त कर दिया है। विभाग की इस नई व्यवस्था से जनपद के 2,38,313 कार्ड एपीएल कार्ड धारक प्रभावित होंगे। जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय ने बताया कि एपीएल के गेंहूं का वितरण अग्रिम व्यवस्था तक के लिए बंद कर दिया गया है। बीपीएल, अंतोदय एवं एपीएल श्रेणी के कार्ड घारक में से अतिरिक्त बीपीएल के तहत चिन्हित किए गए। कार्ड धारकों को पूर्व की भांति ही गेहूं व चावल का वितरण किया जाएगा।