कासगंज। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को शिवालयों में ओम नम: शिवाय के मंत्र गूंजते रहे। सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त से शुरू हुए कार्यक्रमों का सिलसिला देर रात तक रहा। शिवभक्ति में डूबे श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा-अर्चना में जुटे रहे।
श्रावण के सोमवार पर शिव पूजा का विशेष महत्व होने के कारण शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना कार्यक्रम आयोजित होते हैं। श्रावण का अंतिम सोमवार होने के कारण शिवमंदिरों में विशेष कार्यक्रमों के आयोजनों की धूम रही। शिवभक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, बेल, दूध, गंगाजल से पूजा अर्चना की। वहीं, रुद्राभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शिव के अभिषेक किए गए। प्रभुपार्क के मनकामेश्वर मंदिर पर ब्रह्म मुहूर्त से रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। माल गोदाम रोड के शिवमंदिर पर भी पूजा का विशेष आयोजन किया गया। प्राचीन भूतेश्वर मंदिर पर सुबह से ही भक्तों की कतारें लग गई। भक्तों ने भूतेश्वर मंदिर में भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। चामुंडा मंदिर, रेलवे रोड शिवमंदिर, गली खिड़किया शिवमंदिर सहित विभिन्न शिवमंदिरों में पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। जगह-जगह भोले बाबा की महिमा का बखान करते हुए भक्त नजर आए। शिवालयों में ठंडाई के भोग भी लगाए गए।
प्रभुपार्क के मनकामेश्वर महादेव मंदिर पर भगवान शिव और पार्वती का विशेष शृंगार किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शिव विवाह का गायन श्रद्धालु महिलाओं ने किया। लक्ष्मीनरायण मंदिर सहित प्रभुपार्क के सभी मंदिरों में नई पोशाकें प्रतिमाओं को धारण कराई गई। इसके पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक अनुष्ठान आचार्य दिनेश शर्मा ने संपन्न कराए।