कासगंज (ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड पर एक महिला को अपनी बातों में उलझाकर दो ठगों ने महिला से उसके आभूषण और नगदी पार कर ली। महिला ने कोतवाली में ठगी का मामला दर्ज कराया है।
कमला देवी पत्नी हाकिम सिंह निवासी नरहरपुर, हाथरस का मायका गांव नगला टीका में हैं। शनिवार को वह अपने मायके में आयोजित भागवत में शामिल होने के लिए आई थी। बस स्टैंड पर उतरने पर दो ठग उसके पीछे लग गए। ठगों ने कमला देवी से बातचीत करना शुरू कर दिया और अपनी बातों में उलझा लिया। महिला ठगों की बातों में आ गई और उनके कहे अनुसार करने लगी। बातों में उलझाकर ठगों ने महिला से जंजीर, तोड़ियां और दो हजार रुपए की नगदी ले ली। वारदात को अंजाम देने के बाद ठग महिला को चकमा देकर फरार हो गए। ठगों के फरार होने के बाद महिला को समझ आया कि उसे ठगा गया है। कमला देवी ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।