कासगंज/सहावर। कसबा सहावर में गृहस्वामी की करीब पांच दिन पूर्व गला रेत कर हत्या करने के बाद हत्यारे शव कमरे में बंद करके फरार हो गए। इस सनसनी खेज वारदात का खुलासा कमरे से दुर्गंध फैलने पर हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे से गृहस्वामी का क्षत विक्षत शव बरामद किया।
कसबे में 60 वर्षीय जाहिद खां अपने घर में अकेले ही रहते थे। राज मिस्त्री का कार्य करते थे। मोहल्ले के लोगों ने पांच दिन पूर्व तक जाहिद को देखा, लेकिन इसके बाद मोहल्ले के लोगों की उनसे मुलाकात नहीं हुई। मंगलवार को घर से दुर्गंध फैलने पर पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ कर अंदर प्रवेश किया तो जाहिद का क्षत विक्षत शव मिला। शव में कीड़े पड़ चुके थे। पुलिस ने बताया कि हत्यारों ने क्रूरता पूर्वक हत्या की है। जाहिद का गला रेता गया और उसके पेट पर तेजाब भी डाला गया है। चूहों ने भी शव को क्षत विक्षत कर दिया था। पुलिस का अनुमान है कि पांच दिन पूर्व हत्या की गई है। जाहिद की हत्या को लेकर लोगों के बीच तरह तरह की चर्चा है। पुलिस को अभी तक हत्या के संबंध में कोई सुराग नहीं लगा है। सहावर के सीओ सरजीत सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। हत्या किन कारणों से हुई है, इसके संबंध में पुलिस जांच कर रही है।तीन माह पहले हुआ था पत्नी से तलाक। जाहिद खां का अपनी पत्नी राजदा बेगम से किसी न किसी बात पर आये दिन झगड़ा होता था। इसी झगड़े के चलते जाहिद ने अपनी पत्नी राजदा बेगम को करीब तीन माह पूर्व तलाक दे दिया था। तलाक के बाद से राजदा अपने बच्चाें के साथ मोहल्ला झंडापीर में रहने लगी थी। बताया गया कि जाहिद के ग्यारह बच्चे हैं। जिनमें कई बच्चों की शादियां हो चुकी हैं। सभी बच्चे जाहिद से अलग रहते थे।