कासगंज। ट्रक ने बाइक सवार दंपति को रौंद दिया। दुर्घटना में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
देवेंद्र निवासी गांव खैरपुर सोरों शनिवार को पत्नी बृज कुमारी को दवा दिलाकर कासगंज से बाइक से घर जा रहे थे। शहर के श्रीगणेश इंटर कालेज के पास ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। असंतुलित होकर दंपति सड़क पर गिर गए। बृज कुमारी की ट्रक के पहिए की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। देवेंद्र भी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना होते ही मौके पर काफी संख्या में राहगीर और आसपास के दुकानदार एकत्र हो गए। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। भीड़ ने पकड़े गए चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रक भी अपने कब्जे में ले लिया है। घटना की रिपोर्ट लिखाई गई है। सूचना पर परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए।