कासगंज। नगर में विभिन्न चौराहों पर भीड़ का आलम रहता है। जहां सर्कुलर रोड बिलराम गेट चौराहे पर लोग जाम से जूझते हैं तो नगर के अंदर बारहद्वारी चौराहे पर लोगों को जाम से दिक्कतें होती हैं। लोगों को काफी मशक्कत के बाद ही रास्ता मिल पाता है।
नगर को जाम के झाम से छुटकारा दिलाए जाने के लिए प्रशासन की ओर से काफी प्रयास किए गए। डग्गेमार वाहनों को शहर के अंदर लाने पर रोक लगा दी गई, ये प्रयास रंग भी लाए। मालगोदाम चौराहा, सोरों गेट चौराहों पर अब जाम की स्थिति नहीं बनती। लेकिन अभी भी बिलराम गेट चौराहा और नगर के अंदर बारहद्वारी चौराहे पर लोगों को जाम से दो-चार होना पड़ता है। यहां यह जाम भीड़ के अधिक होने एवं वाहन सवारों को आगे निकलने की होड़ में आड़ा तिरछा कर निकालने के कारण लगता है। बिलराम गेट पर लगे यातायात पुलिसकर्मी भी दुपहर के बाद हार मानने की स्थिति में होते हैं। वहीं, नगर के अंदर बारहद्वारी चौराहे पर तो कोई पुलिस कर्मी ही नहीं होता। बस स्टेंड पर तो रोडवेज बसों के द्वारा ही जाम लगा दिया जाता है। इनके परिचालक एवं चालक द्वारा सवारियों को चढ़ाने की होड़ में बस स्टैंड के बाहर ही रोड पर बसों को खड़ा कर दिया जाता है। वहीं से सवारियों को चढ़ाया या उतारा जाता है।काटे जाएंगे चालान टीएसआई। यातायात प्रभारी राम बहादुर सिंह ने कहा कि वाहन चालकों को यातायात नियमों का शत प्रतिशत पालन करना होगा। यदि कोई वाहन चालक यातायात के नियमों को पालन करता नहीं पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वाहन के सभी कागजातों को साथ लेकर चलें और नियमों का पालन करें। शनिवार को भी वाहनों के चालान काटे गए हैं। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।