कासगंज। जिले में डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकास योजना के अंतर्गत गांवों के चयन में लापरवाही उजागर हुई है। जानकारी होने पर जिले के प्रभारी मंत्री पारसनाथ यादव ने जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के द्वारा चयनित किए गए आधा दर्जन गांवों को बदल दिया है।
जिला ग्राम्य विकास अभिकरण ने भरसौली, फिरोजपुर सिहौला, कुरामई, सतपुरा माफी, कानरखेड़ा, किसरौली, न्यौली फतुआबाद, पीतमपुर हड़ौरा, राजेपुर कुर्रा, डोरई, पचलाना, भिलौनी, जरैथा, डूंडरा, कमालपुर, देवरी को लोहिया ग्राम में चयनित करके सूची शासन को अंतिम मुहर लगाने के लिए भेजी थी। चयन में लापरवाही और गड़बड़ी की शिकायतें मिलने पर शासन गंभीर हो गया। जनपद के प्रभारी मंत्री लघु सिंचाई एवं पशुपालन पारसनाथ यादव ने चयनित गांवों में से आधा दर्जन ग्रामों में फेरबदल कर दिया है। मंत्री के द्वारा जनपद के सभी ग्रामों की सूची मांगी गई थी, सूची के बाद लोहिया ग्रामों के चयन में आधारभूत सुविधाओं की स्थिति को देखा गया। जिसमें जिला ग्राम्य विकास अभिकरण की ग्रामों को चयन करने में लापरवाही सामने आई। ग्राम्य विकास अभिकरण के मनमानी के मामले को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने डूंडरा, कमालपुर, फिरोजपुर सिहौला, किसरौली, डोरई, भिदौनी को लोहिया ग्राम की सूची से हटा दिया है। इनके स्थान पर भड़पुरा, सहावर के लहरा, करमपुर, करसरी हयातगढ़ी, मझौला, गंगागढ़ को लोहिया ग्राम में शामिल किया है। लोहिया ग्रामों के विकास के लिए जिला प्रशासन समय से कार्य योजना भी तैयार नहीं कर पा रहा। एक सप्ताह में उपलब्ध कराएं कार्य योजना। अपर जिलाधिकारी बीएम मिश्र ने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एक सप्ताह के अंदर लोहिया ग्रामों के रूप में चयनित 16 राजस्व ग्रामों की कार्य योजना अनिवार्य रूप से डीआरडीए कार्यालय में उपलब्ध करा दें। कार्य योजना उपलब्ध कराने में यदि कोई भी देरी होती है तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा। ं संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम्य विकास योजना के अंतर्गत चयनित 16 राजस्व ग्रामों को सभी जनकल्याणकारी एवं विकास परक योजनाओं तथा आधारभूत सुविधाओं से पूर्ण करना है। इन ग्रामों में लगभग 33 विभागों की योजनाओं का क्रियान्वयन होना है।