कानपुर देहात। कौशल संबंधी कोर्स करने वाले युवा अब दूसरों की नौकरी की जगह स्वयं का उद्योग स्थापित कर दूसरों को रोजगार दे सकतें हैं। उद्योग स्थापित करने के लिए आने वाले आर्थिक संकट से उनको सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना उभारेगी। इस योजना के तहत युवा व्हीकल सर्विस सेंटर से लेकर ड्राइविंग स्कूल खोलने जैसे लघु उद्यम स्थापित कर सकते हैं।
वर्तमान समय में युवाओं के पास हुनर होने के बावजूद भी आर्थिक संकट के चलते 10 से 15 हजार रुपये की नौकरी करने के लिए दूसरे शहर या प्रदेश में अपना आशियाना बनाना पड़ रहा है। अब प्रदेश सरकार युवाओं को दूसरे प्रदेश में नौकरी मांगने की जगह स्वयं के जिले में रोजगार स्थापित कर दूसरों को रोजगार मुहैया कराने के काबिल बनाने की कवायद कर रही है।
उपायुक्त जिला उद्योग मोहम्मद सऊद ने बताया कि सरकार की ओर से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत प्रदेश में प्रति वर्ष एक सूक्ष्म उत्पादन व सेवा क्षेत्र की एक लाख इकाइयों की स्थापना कराई जाएगी। प्रदेश में 10 साल में 10 लाख सूक्ष्म उत्पादन व सेवा क्षेत्र की इकाइयां खोलीं जाएंगी। इसमें कौशल प्रशिक्षित युवा करीब 100 तरीके की इकाइयों को खोल सकते हैं। युवाओं को सरकार की ओर से पांच लाख तक का लोन मुहैया करवाया जाएगा। लोन चार साल तक ब्जाय रहित व गारंटी मुक्त रहेगा। युवाओं को आवंटित लोन पर 10 फीसदी का अनुदान भी दिया जाएगा। इससे युवाओं को रोजगार स्थापित करने में परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
..................यह युवा कर सकते हैं आवेदन
उपायुक्त उद्योग मोहम्मद सऊद ने बताया कि योजना का लाभ प्रदेश के 21 से 40 वर्ष के युवा ले सकते हैं। इंटमीडिएट व इसके समकक्ष डिप्लोमा के साथ कौशल प्रशिक्षण क्षेत्र में प्रमाण पत्र, डिप्लोमा व डिग्री होना अनिवार्य है। योजना का लाभ लेने के लिए युवा एमएसएमई पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर युवा जिला उद्योग प्रात्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र रनियां में संपर्क कर सकते हैं।
..............
इन इकाइयों को स्थापित कर सकते हैं युवा
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत युवा स्वीट शॉप, आइसक्रीम पार्लर, फूड रेस्टोरेंट, वॉटर प्रूफिंग, प्लबरिंग सर्विस, बैटरी रिपेयर एवं चार्जिंग, इलेक्ट्रीशियन शॉप, सीसीटीवी इंस्टालेशन एंड सर्विस, पैथोलॉजी सैंपल एवं कलेक्शन सेंटर, थ्रीडी प्रिंटिंग सर्विस, जिम, ब्यूटी पार्लर, टेक्सटाइल प्रिंटिंग यूनिट, ऑनलाइन टीचिंग प्लेटफार्म, ड्राइविंग स्कूल, ईवी चार्जिंग स्टेशन वेडिंग प्लानर, कंप्यूटर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट सहित करीब 100 तरह की सूक्ष्म उत्पदान व सेवा क्षेत्र की इकाइयां खोल सकते हैं।