यूपी के उन्नाव जिले में दस दिन पहले जमीन की रजिस्ट्री करने घर से निकला युवक रहस्यमय हालात में लापता हो गया। मां ने थाने में तहरीर दी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। मां ने एसपी से शिकायत की तब एक युवक और उसके तीन बेटों समेत सात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज हुई है। मां का आरोप है कि जमीन की रजिस्ट्री के बाद नामजद लोगों ने उसके बेटे का अपहरण कर लिया है। वहीं पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है।
औरास कस्बा के मोहल्ला बरुआटोला गांव निवासी रेखा द्विवेदी पत्नी स्व. संजय द्विवेदी ने 14 अगस्त को एसपी एमपी वर्मा को शिकायती पत्र दिया। पत्र के मुताबिक आठ अगस्त को उनके बेटे रजत कुमार द्विवेदी से जमीन का बैनामा कराने के लिए रवीशंकर नाम का व्यक्ति अपने साथी बुद्धा प्रसाद पुत्र लल्लू व उसके बेटे मनोज, संतोष और राजेश, दिनेश व शैलेंद्र घर से लेकर गए थे। बैनामा कराने के बाद उसका बेटा रजत नहीं लौटा।