फोटो 23:::: सुनील कुमार की फाइल फोटो।
फोटो 24::: पोस्टमार्टम हाउस में रोते-बिखलते परिजन। संवाद
फोटो 25::: थाना सिविल लाइंस में मौजूद परिजन। संवाद
-सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला रतन नगर में शनिवार रात की घटना
-मायके-ससुराल पक्ष ने एक-दूसरे में लगाए आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला रतन नगर में शनिवार रात युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल और मायके पक्ष ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत करवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात कही।
मोहल्ला रतन नगर निवासी सुनील कुमार (32) निजी कंपनी में काम करता था। उसकी शादी 26 अप्रैल 2021 को सेऊपुर थाना फफूंद, औरैया निवासी प्रीति से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह सुनील रोज की तरह ड्यूटी पर गया था और शाम करीब सात बजे घर लौटा।
खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया। देर रात तक जब वह बाहर नहीं आया तो परिवार के लोग देखने पहुंचे। कमरे में सुनील बेहोश हालत में मिला। आनन-फानन उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ममेरे भाई लख्मीचंद ने बताया कि कुछ देर पहले ही सुनील की पत्नी प्रीति से फोन पर बात हुई थी।
बातचीत के बाद ही उसने यह कदम उठाया। पुलिस को शक है कि सुनील ने पारिवारिक तनाव के चलते आत्महत्या की है। वहीं, मृतक की पत्नी प्रीति और उसके भाई ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है।
ससुराल पक्ष सुनील की दूसरी शादी करवाना चाहता था और इसी कारण प्रीति को बार-बार प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रीति के भाई ने बताया कि साल 2022 में जब प्रीति गर्भवती थी, तब सास-ससुर और देवर ने मारपीट कर घर से निकाल दिया था। इसके बाद उसने घरेलू हिंसा और भरण-पोषण के लिए कोर्ट में रिपोर्ट दर्ज कराया था। इसके बाद दोनों में समझौता हो गया। भाई दूज के दिन 22 अक्तूबर को सुनील खुद पत्नी को मायके छोड़ गया था।
प्रीति का कहना है कि 25 अक्तूबर की रात करीब साढ़े सात बजे उसकी देवरानी का फोन आया कि सुनील की हालत खराब है। मृतक के परिवार में मां नारायणी देवी, छोटा भाई शिवम और तीन वर्षीय बेटी प्रिंसी है। बेटी को रविवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में मां को सौंपा गया। घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस के बाहर दोनों पक्षों में गहमागहमी का माहौल बना रहा।
थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में युवक के शराब पीने के बाद कुछ खा लेने की आशंका जताई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।